बिलासपुर 30 मई (आरएनएस ( मोहल्ले की बालिकाओं और महिलाओं के लिए सिरदर्द बन चुके एक मनचले युवक की हरकतों पर आखिरकार पुलिस ने लगाम कस दी। आए दिन बालिकाओं पर अभद्र टिप्पणियां करने, अशोभनीय व्यवहार करने और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले आरोपी को तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की हरकतों से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था।
मामला थाना तोरवा क्षेत्र का है। 29 मई 2026 को एक पीड़िता थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई कि उसके मोहल्ले में रहने वाला संदीप जगत लगातार उसे और अन्य बालिकाओं को देखकर फब्तियां कसता था, अभद्र टिप्पणियां करता था और अशोभनीय हरकतों से परेशान करता था। आरोपी की इन हरकतों से न केवल बालिकाएं बल्कि क्षेत्र की महिलाएं भी असहज और भयभीत महसूस कर रही थीं।
शिकायत मिलते ही तोरवा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और अपराध क्रमांक 273/2026 के तहत धारा 79, 75 (i)(ii), 296, 351(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा 8, 12 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की पतासाजी कराई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप जगत को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणियां करने और अशोभनीय व्यवहार करने की बात स्वीकार कर ली। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप जगत (27 वर्ष), पिता संतोष जगत, निवासी अटल आवास, देवरीखुर्द, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 30 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर बिलासपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। यह मामला उन लोगों के लिए चेतावनी है जो महिलाओं और नाबालिग बालिकाओं को परेशान कर कानून को चुनौती देने की कोशिश करते हैं, क्योंकि शिकायत मिलते ही पुलिस का शिकंजा कसना तय है।

