दुर्ग 31 मई (आरएनएस) डीएलएड की परीक्षा देने गई छात्रा जब परीक्षा केंद्र से बाहर निकली तो उसकी स्कूटी गायब थी, लेकिन चोर की किस्मत ज्यादा देर तक उसका साथ नहीं दे सकी। चोरी की एक्टिवा को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे आरोपी को दुर्ग पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा और चोरी की पूरी स्कूटी बरामद कर ली।
मामला थाना सिटी कोतवाली दुर्ग क्षेत्र का है। प्रार्थिया प्रियंका निषाद, निवासी ग्राम चोंगीखपरी जिला बेमेतरा, 30 मई 2026 को डीएलएड प्रथम वर्ष की परीक्षा देने जेआरडी स्कूल दुर्ग पहुंची थी। उसने अपनी होंडा एक्टिवा क्रमांक CG-07-CS-3289 को स्कूल गेट के पास खड़ी कर परीक्षा देने चली गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वह वापस लौटी तो स्कूटी वहां से गायब थी। किसी अज्ञात चोर ने वाहन पार कर दिया था। शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 278/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बस स्टैंड दुर्ग के पास चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक एम जोशी पिता स्वर्गीय महेंद्र टी. जोशी, उम्र 39 वर्ष, निवासी एचआईजी सेक्टर-06, देवेंद्र नगर, रायपुर बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 30 मई को जेआरडी स्कूल के पास से उक्त स्कूटी चोरी की थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई होंडा एक्टिवा क्रमांक CG-07-CS-3289, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त कर ली। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि अपराध कितना भी शातिराना क्यों न हो, पुलिस की नजर और मुखबिर तंत्र से बच पाना आसान नहीं होता।

