दुर्ग 1 जून (आरएनएस) अब सड़क किनारे जाम छलकाना, चौक-चौराहों पर अड्डेबाजी करना और रात में हुड़दंग मचाना भारी पड़ रहा है। दुर्ग पुलिस के विशेष अभियान ने ऐसे तत्वों पर सीधा वार करते हुए एक ही दिन में 55 प्रकरण दर्ज कर कानून तोड़ने वालों को कड़ा संदेश दिया है। जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल देने के लिए चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 31 मई 2026 को पुलिस की मोबाइल पेट्रोलिंग टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान खुलेआम शराब सेवन करने, समूह बनाकर अड्डेबाजी करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों पर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस ने 36(च) आबकारी एक्ट के तहत कुल 55 प्रकरण दर्ज किए, जिनमें छावनी अनुभाग में सबसे अधिक 22 मामले सामने आए। वहीं भिलाई नगर अनुभाग में 18, दुर्ग अनुभाग में 8 और धमधा अनुभाग में 7 प्रकरण दर्ज किए गए। अभियान के दौरान रात्रि में अनावश्यक भीड़ लगाकर हुड़दंग करने वालों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई ताकि शहर में शांति और सुरक्षा बनी रहे। दुर्ग पुलिस प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 11:30 बजे तक मोबाइल पेट्रोलिंग के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रख रही है। इस पूरी कार्रवाई में जिले के थाना प्रभारियों, पेट्रोलिंग टीमों, डायल-112 स्टाफ और पुलिस बल की सक्रिय भूमिका रही।
बहरहाल, दुर्ग पुलिस का साफ संदेश है—सार्वजनिक स्थानों पर कानून तोड़ने वालों के लिए अब कोई रियायत नहीं, नियम तोड़ेंगे तो कार्रवाई तय है।


