दुर्ग, 1 जून (आरएनएस) नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने निकली दुर्ग पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर अवैध शराब बेचने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ऑपरेशन विश्वास के तहत हुई इस कार्रवाई में 114 पौवा अवैध शराब और बिक्री से प्राप्त नकदी बरामद की गई। पुलिस की लगातार निगरानी और मुखबिर तंत्र की सक्रियता ने नशे के कारोबारियों की कमर तोड़ दी है।
दुर्ग पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 31 मई और 1 जून को प्राप्त मुखबिर सूचना पर थाना दुर्ग, नेवई और पद्मनाभपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। थाना दुर्ग क्षेत्र के नयापारा नदी रोड तिराहा और शिवनाथ नदी रोड जैन मंदिर गंजपारा के पास दबिश देकर मनोज कुमार निषाद (55 वर्ष), निवासी बजरंग नगर दुर्ग के कब्जे से 29 पौवा शराब और बिक्री की नकदी बरामद की गई। वहीं रामदेव सिंघा (61 वर्ष), निवासी डिपरापारा पोटिया रोड दुर्ग से 29 पौवा शराब और नगदी जब्त की गई।
इसी क्रम में थाना नेवई क्षेत्र के बीआरपी प्लांट के पास नहर किनारे दबिश देकर सुरेन्द्र कुमार दिवरा (40 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा नेवई को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 26 पौवा और एक अद्दी शराब सहित नकदी बरामद हुई। थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने शीतला तालाब रोड पर कार्रवाई करते हुए बब्बर मरकाम (26 वर्ष), निवासी देवारपारा कसारीडीह को 30 पौवा शराब और बिक्री की रकम के साथ पकड़ा।
चारों मामलों में पुलिस ने कुल 114 पौवा अवैध शराब और 13,320 रुपये मूल्य की शराब व नकदी जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया है।
बहरहाल, दुर्ग पुलिस का संदेश साफ है—नशे का कारोबार करने वालों के लिए जिले में अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है और ऑपरेशन विश्वास के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


