छतरपुर 1 जून (आरएनएस)। एसपी ऑफिस परिसर में सोमवार को एक युवक ने हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवक हरपालपुर का रहने वाला है और उसकी पहचान शिवप्रताप सिंह राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवक का मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार ग्वालियर में चल रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह पूर्व में न्यायालय परिसर में विवाद और हिंसक व्यवहार की घटनाओं में शामिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, युवक सोमवार को एसपी कार्यालय शिकायत लेकर पहुंचा था। उसका आरोप था कि उसके खिलाफ दर्ज एफआईआर झूठी है और उसका परिवार पुलिस प्रताडऩा का शिकार हो रहा है। शिकायत देने के दौरान वह कार्यालय परिसर स्थित शौचालय में गया और वहां अपने हाथ की नस काट ली। घटना के बाद मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि युवक जिन मामलों को लेकर शिकायत कर रहा है, वे न्यायालय परिसर में हुए विवाद से जुड़े हैं। प्रकरण न्यायालय कर्मचारियों की शिकायत पर दर्ज किया गया था। पुलिस इस मामले में शिकायतकर्ता नहीं है। युवक द्वारा लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। वहीं, नस काटने की घटना के बाद उसकी मानसिक स्थिति और पृष्ठभूमि से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

