गुना।(आरएनएस)। जिले की मृगवास थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान से मध्य प्रदेश लाई जा रही स्मैक की एक बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की 100 ग्राम से अधिक स्मैक और तस्करी में इस्तेमाल एक बाइक (कीमत 1 लाख रुपये) जब्त की है।
मृगवास पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध राजस्थान के घाटाखेड़ी-टूटी बड़ली क्षेत्र से बांकखेड़ा जंगल मार्ग होते हुए कुंभराज (मुरैना) की ओर स्मैक ला रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी हितिका वासल के निर्देशन में सानई चौकी से पुलिस टीम रवाना हुई। टीम ने बांकखेड़ा जंगल के कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर ली।
कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार दो संदिग्ध एक काले-ग्रे रंग की बाइक से आते दिखे। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मुनेश लोधा (31 वर्ष, पिता शंकरलाल) और रामप्रसाद लोधा (40 वर्ष, पिता ग्यारसीराम) के रूप में हुई। दोनों राजस्थान के बारां जिले के घाटाखेड़ी गांव के रहने वाले हैं।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 100.59 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने 11 लाख रुपये का कुल माल जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इन तस्करों के स्थानीय नेटवर्क और स्मैक की सप्लाई चेन को खंगालने में जुटी है।

