पन्ना 1 जून (आरएनएस)। शाहनगर के बोरी रोड पर बने कॉपरेटिव बैंक के सामने सोमवार दोपहर एक बोलेरो कार सड़क किनारे की गहरी नाली में जा गिरी। कचरे और मिट्टी से भरी होने की वजह से यह नाली ऊपर से सड़क जैसी ही दिख रही थी। कार को गिरता देख मौके पर राहगीरों और आस-पास के लोगों की भारी भीड़ इक_ा हो गई।
स्थानीय निवासी धीरज और मौके पर मौजूद दूसरे लोगों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की बनाई इस नाली की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। कचरा और मिट्टी जमने के कारण यह नाली सड़क के बराबर समतल दिखने लगी है। कार ड्राइवर को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह पक्की जमीन नहीं बल्कि एक गहरी नाली है और इसी धोखे में गाड़ी नाली पर चढ़ गई।
कार को बाहर निकालने की कोशिश में पहले उसका पिछला पहिया नाली में गिरा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मदद के लिए ट्रैक्टर बुलाया, लेकिन ट्रैक्टर से खींचते समय कार का अगला पहिया भी नाली में धंस गया। करीब एक घंटे की भारी मशक्कत के बाद आखिरकार ट्रैक्टर की मदद से गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

