छिंदवाड़ा।(आरएनएस)। शहर के चर्च कम्पाउंड मैदान में महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट एवं वाहनों में तोडफ़ोड़ मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पीडि़ता संगीता कपाले ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह शुक्रवार रात अपने बेटे दिव्यांशु कपाले के साथ चर्च कम्पाउंड मैदान में टहल रही थीं।
इसी दौरान गुलाबरा निवासी हर्ष तिवारी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर दिव्यांशु से विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
बीच-बचाव करने पहुंची संगीता कपाले के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की और मारपीट की थी।
पीडि़त पक्ष के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपियों ने मौके पर खड़ी स्कूटी और बुलेट मोटरसाइकिल में भी जमकर तोडफ़ोड़ की थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
कोतवाली पुलिस ने संगीता कपाले की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 296(ए), 115(2), 351(2), 324(1) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अनुराग मालवी, हर्ष तिवारी, महेंद्र साहू और कृष चौहान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे प्रकरण में मुख्य तीन आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अपराध में सहयोग करने वाले कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिन्हें जल्द हिरासत में लिया जाएगा।

