भिंंड 1 जून (आरएनएस)। ग्वालियर लोकायुक्त की टीम ने रविवार को भिंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए नापतौल विभाग के निरीक्षक सौरभ शर्मा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
आरोपी निरीक्षक पर पेट्रोल पंप के नोजल चेक करने और कार्रवाई नहीं करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। लोकायुक्त टीम ने उसे दूसरी किश्त की राशि लेते समय पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, शिवाजी नगर निवासी तेज नारायण सिंह नरवरिया की पुत्रवधू रचना नरवरिया ग्वालियर रोड स्थित सावित्री लोधी पेट्रोल पंप का संचालन करती हैं।
आरोप है कि नापतौल विभाग के निरीक्षक सौरभ शर्मा ने पेट्रोल पंप की जांच के दौरान नोजल चेकिंग और कार्रवाई की धमकी देकर 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
बाद में दोनों पक्षों के बीच 50 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। फरियादी के अनुसार, तय रकम में से पहली किश्त के रूप में 22 हजार 500 रुपए 26 मई को आरोपी को दे दिए गए थे।शेष 27 हजार 500 रुपए की दूसरी किश्त एक जून को उसके कार्यालय में दी जानी थी।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर फरियादी ने इसकी शिकायत ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक से की। शिकायत का सत्यापन होने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
डीएसपी विनोद कुशवाह के नेतृत्व में निरीक्षक बलराम सिंह सहित 15 सदस्यीय टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। तय योजना के अनुसार फरियादी आरोपी के कार्यालय पहुंचा और दूसरी किश्त की राशि सौंपी।
जैसे ही आरोपी सौरभ शर्मा ने रिश्वत की रकम अपने कब्जे में ली, फरियादी बाहर निकला और टीम को संकेत दे दिया। इसके बाद लोकायुक्त की टीम ने कार्यालय में पहुंचकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी के हाथ धुलवाए। रासायनिक परीक्षण में उसके हाथों पर लगाया गया पाउडर रंग बदलने लगा, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी निरीक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी विभागों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

