इंदौर 1 जून (आरएनएस)। लसूडिय़ा थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल की शिक्षिका ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
लसूडिय़ा पुलिस के अनुसार एक युवती की शिकायत पर विभूम मिश्रा निवासी वृंदावन हीराबाग के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया गया है। शिकायत में युवती ने बताया कि जुलाई 2025 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से विभूम मिश्रा से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोस्ती हो गई।
जनवरी 2026 में दोनों की इंदौर में पहली मुलाकात हुई। इस दौरान आरोपी ने युवती से कहा कि वे दोनों एक ही समाज से हैं और वह उससे प्रेम करता है तथा शादी करना चाहता है। पीडि़ता के अनुसार आरोपी के विवाह प्रस्ताव को स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया।
फरवरी 2026 में आरोपी उसे वृंदावन हीराबाग स्थित अपने फ्लैट पर ले गया, जहां शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी ने कई बार शादी का आश्वासन देकर उसके साथ संबंध बनाए।
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि कुछ समय बाद जब उसने आरोपी से शादी की बात आगे बढ़ाने और परिवार से चर्चा करने के लिए कहा, तो उसका व्यवहार बदल गया। एक रेस्टोरेंट में मुलाकात के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि उनके बीच जो कुछ हुआ उसे भूल जाना चाहिए, क्योंकि वह अब शादी नहीं कर सकता।
इसके बाद आरोपी अपने गृह नगर पिपरिया चला गया और वापस नहीं लौटा। पीडि़ता का कहना है कि उसने कई बार फोन और अन्य माध्यमों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने बातचीत बंद कर दी।
आखिरकार युवती रविवार को लसूडिय़ा थाने पहुंची और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है और मामले की जांच जारी है।

