दुर्ग 2 जून (आरएनएस) दशकों तक कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले चार पुलिसकर्मियों ने जब अपनी सेवा यात्रा पूरी की तो पूरा दुर्ग पुलिस परिवार सम्मान और भावनाओं के साथ उनके योगदान को नमन करता नजर आया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय दुर्ग में आयोजित विदाई एवं सम्मान समारोह उस समय यादगार बन गया जब पुलिस विभाग में लंबे समय तक कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ सेवाएं देने वाले चार कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह में उप निरीक्षक श्रीमती आशा वैष्णव, सहायक उप निरीक्षक श्री राजेश सिंह, प्रधान आरक्षक (चालक) क्रमांक 1106 श्री बलराम टंडन तथा प्रधान आरक्षक क्रमांक 830 श्री यशवंत देवांगन के सेवानिवृत्त होने पर उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग की उपस्थिति ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की। अधिकारियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपने संबोधन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन कर्मियों ने अपने पूरे सेवा काल में निष्ठा और समर्पण के साथ विभाग की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि विभाग उनके योगदान को सदैव याद रखेगा।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और पुलिस विभाग तथा सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने साथियों को भावभीनी विदाई दी। बहरहाल, वर्दी की सेवा भले पूरी हो गई हो, लेकिन कर्तव्य, ईमानदारी और समर्पण की उनकी मिसाल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनकर हमेशा जीवित रहेगी।


