दुर्ग 2 जून (आरएनएस) पुलिस की नई फौज अब मैदान में उतरने को तैयार है और उन्हें पहली ही ब्रीफिंग में साफ संदेश दे दिया गया है कि वर्दी का असली सम्मान जनता के विश्वास से मिलता है। इसी सोच के साथ सोमवार 1 जून 2026 को दुर्ग में 47 परिविक्षाधीन उपनिरीक्षकों और 1 सूबेदार की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई, जहां पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने नवप्रशिक्षु अधिकारियों को पुलिसिंग की बारीकियों से रूबरू कराया।
ब्रीफिंग के दौरान एसएसपी विजय अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, जनता के प्रति मधुर व्यवहार और निरंतर सीखने की भावना ही एक सफल पुलिस अधिकारी की पहचान है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को समझाया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि आम लोगों का भरोसा जीतना भी है। इस दौरान दुर्ग जिले की भौगोलिक स्थिति, अपराध के बदलते स्वरूप, संवेदनशील क्षेत्रों और यातायात व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई ताकि अधिकारी जमीनी परिस्थितियों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
बैठक में साइबर अपराधों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को बताया गया कि बदलते दौर में साइबर क्राइम सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है और इस पर प्रभावी निगरानी तथा त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षु अधिकारियों को जिले में होने वाले विभिन्न अपराधों, वीआईपी ड्यूटी और कानून-व्यवस्था प्रबंधन की महत्वपूर्ण बारीकियों से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान उप पुलिस अधीक्षक लाइन सी.पी. तिवारी और रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा भी मौजूद रहे।
बहरहाल, दुर्ग पुलिस ने अपने नए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि बेहतर पुलिसिंग की शुरुआत जनता के प्रति संवेदनशीलता, अनुशासन और सतत सीखने की भावना से ही होती है।


