कोलकाता 3 जून (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर बड़ी हलचल तेज हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक टीम कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची। ईडी के अधिकारियों ने उन्हें प्राइमरी टीचर भर्ती घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में समन दिया है। अधिकारियों ने बताया कि अभिषेक बनर्जी को 15 जून को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। इस दिन उन्हें जांच एजेंसी के सामने पेश होकर सवालों के जवाब देने होंगे। यह पूरा मामला प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती में हुई कथित गड़बडिय़ों और अवैध लेनदेन से जुड़ा है। जब ईडी की टीम समन लेकर उनके आवास पर पहुंची, तो राज्य के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। अभिषेक बनर्जी पहले भी कई बार केंद्रीय जांच एजेंसियों की जांच का सामना कर चुके हैं। इस नई कार्रवाई ने बंगाल की सियासत में एक नई बहस छेड़ दी है। फिलहाल ईडी ने इस मामले में बहुत ज्यादा विस्तार से जानकारी साझा नहीं की है। लेकिन समन मिलने के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अभिषेक बनर्जी का अगला कदम क्या होगा। टीएमसी नेतृत्व और खुद अभिषेक बनर्जी इस नए नोटिस पर क्या रुख अपनाते हैं, यह देखना काफी अहम होगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

