कॉलोनीवासियों ने नई लाइन बिछाने की मांग उठाई
जबलपुर। महाराणा प्रताप वार्ड क्रमांक 16 स्थित भूकंप कॉलोनी में चल रहे नाली निर्माण कार्य के दौरान पुरानी पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ गई है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि करीब तीन वर्षों से नाली निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा था, जो अब पुन: शुरू हुआ है। खुदाई के दौरान जेसीबी मशीन से कई स्थानों पर पानी की पाइपलाइन टूट गई है।
स्थानीय निवासी अभिषेक सिंह ठाकुर ने बताया कि यह पाइपलाइन वर्ष 2000 में कॉलोनी बसने के समय डाली गई थी। लगभग 26 वर्ष पुरानी होने के कारण पाइपलाइन पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और कई स्थानों पर सड़ गई है। वर्तमान में नाली निर्माण कार्य के चलते इसके और अधिक क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि पुरानी पाइपलाइन के कारण भविष्य में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है तथा रिसाव और दूषित जल जैसी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। उनका सुझाव है कि नाली निर्माण कार्य के दौरान ही पुरानी पाइपलाइन को बदलकर नई पाइपलाइन नाली के ऊपर अथवा मकानों के किनारे से डाली जाए, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न हो।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस संबंध में कॉलोनी के नागरिकों की सहमति प्राप्त कर ली गई है तथा हस्ताक्षरयुक्त आवेदन भी तैयार किया गया है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए जर्जर पाइपलाइन को तत्काल बदलने की कार्रवाई की जाए।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि यदि समय रहते नई पाइपलाइन नहीं बिछाई गई तो नाली निर्माण पूरा होने के बाद फिर से खुदाई करनी पड़ेगी, जिससे शासन की राशि और समय दोनों का नुकसान होगा। नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

