कुशीनगर, 04 जून (आरएनएस)। जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा अन्नपूर्णा भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक में स्वच्छता, आवास एवं विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जनपद में संचालित स्वच्छता अभियानों, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त अभियान तथा ग्राम पंचायतों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वच्छता मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा कूड़ा निस्तारण, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण एवं उनके नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इसी क्रम में जनजागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। बैठक में व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण एवं सत्यापन, सामुदायिक शौचालयों की प्रगति, रेट्रोफिटिंग कार्य, ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापना, जन योजना अभियान, 100 तालाबो के साफ सफाई कार्यों सहित अन्य विकास कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम प्रधानों से कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अन्नपूर्णा भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक कुल 66 अन्नपूर्णा भवन पूर्ण हो चुके हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा विकास खण्ड वार प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विवादित भूमि से संबंधित मामलों पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार स्तर से पत्रावली प्रस्तुत कर शीघ्र भूमि आवंटन प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिया। सीडीओ ने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत को आदर्श स्वच्छ ग्राम के रूप में विकसित करने का आह्वान किया। बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक पीयूष, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडेय, जिला पंचायतराज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी, डीसी मनरेगा राकेश सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं एडीओ पंचायत उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

