पीडीए नहीं, परिवार डेवलपमेंट एसोसिएशन है सैफई खानदान
सुल्तानपुर(आरएनएस )। उत्तर प्रदेश सरकार में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सुल्तानपुर के नव नियुक्त प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने गुरुवार को जिले के अपने पहले दौरे पर विपक्ष पर जमकर हमला बोला। भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा जोरदार स्वागत के बीच मंत्री यादव ने समाजवादी पार्टी के पीडीए नारे को लेकर तीखा कटाक्ष किया और इसे सामाजिक न्याय नहीं बल्कि परिवार डेवलपमेंट एसोसिएशन करार दिया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल एक परिवार की राजनीति तक सीमित होकर रह गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सैफई खानदान का विकास ही सपा का असली एजेंडा है, जबकि भाजपा सबका साथ-सबका विकास की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब केंद्र और प्रदेश में समाजवादी पार्टी समर्थित सरकारें थीं, तब पिछड़े वर्ग को संवैधानिक अधिकार और सम्मान क्यों नहीं मिला। मंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही पिछड़े वर्ग को वास्तविक अधिकार और सम्मान प्राप्त हुआ है। दलित समाज के मुद्दे पर भी प्रभारी मंत्री ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा दलित और वंचित समाज को सम्मान देने का कार्य किया है। मायावती को पहली बार मुख्यमंत्री बनाने में भाजपा की अहम भूमिका रही, जबकि सपा शासनकाल में लखनऊ स्टेट गेस्ट हाउस कांड जैसी घटनाओं ने दलित समाज को अपमानित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया, वहीं रामनाथ कोविंद और द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर दलित और आदिवासी समाज को सर्वोच्च सम्मान देने का कार्य किया। अखिलेश यादव द्वारा प्रदेश के गृह मंत्रालय को अंडरग्राउंड बताए जाने के आरोपों पर भी मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। चाहे अपराधी कितना भी बड़ा क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है। सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
समय से पहले चुनाव की तैयारी को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि सपा प्रमुख पूरी तरह घबराहट और निराशा में हैं। जनता लगातार भाजपा के साथ खड़ी है, इसलिए विपक्ष बौखलाया हुआ है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पर भी मंत्री यादव ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को जवाब दे दिया है और पंजाब की जनता भी जल्द जवाब देने वाली है। उन्हें थोड़ा इंतजार करना चाहिए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रभारी मंत्री के स्वागत में जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह छनगू, विजय सिंह रघुवंशी, आलोक आर्या, समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

