विकासनगर,04 जून(आरएनएस)। विकासखंड कालसी के ग्राम गांगरू में गुरुवार को खेत बचाओ अभियान, खरीफ गोष्ठी के अंतर्गत कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में बड़ी संख्या में किसानों ने प्रतिभाग कर कृषि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम में मुख्य संदर्भदाता के रूप में उपस्थित कृषि विज्ञान केंद्र ढकरानी के वैज्ञानिक डॉ. एके सिंह ने किसानों को खेत बचाओ अभियान, धरती माता बचाओ अभियान, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, उर्वरकों के संतुलित उपयोग, कीट प्रबंधन तथा पादप रोग प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को खेती में वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने पर जोर दिया। इस दौरान कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी चकराता राम नरेश गुलेरिया ने खेत बचाओ अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में किसानों को अवगत कराया। उन्होंने किसानों से अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता की अपील की। ग्राम प्रधान सीमा देवी ने कृषि विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की जागरूकता गोष्ठियां आगे भी आयोजित की जानी चाहिए। ताकि किसानों को नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी मिलती रहे। कार्यक्रम में सहायक उद्यान अधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, सचिव सहकारिता, सहायक कृषि अधिकारी सहित लगभग 97 किसानों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन विकासखंड प्रभारी प्रियंका लोहिया ने किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

