विकासनगर,04 जून(आरएनएस)। सेलाकुई नगर पंचायत चुनाव को एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती नजर आ रही है। नगर के विभिन्न वार्डों में क्षतिग्रस्त सड़कें, चौक नालियों की समस्या और सड़कों पर बहता गंदा पानी लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों ने विकास के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन अब जमीनी स्थिति कुछ और ही दिखाई दे रही है। नगर पंचायत के सभी नौ वार्डों में कई जगह नालियों का पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं जगह-जगह टूटी सड़कें दुर्घटनाओं को न्योता दे रही हैं। नगरवासियों दिवान सिंह कार्की, विजय राणा, जगदीश राणा, मुकेश शर्मा, शांति प्रभा, विनीता देवी, कौशल्या देवी और संगीता सेमवाल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नगर पंचायत बनने के बाद अपेक्षित विकास नहीं हुआ। उनका कहना है कि नगर पंचायत से अच्छी व्यवस्था तो ग्राम पंचायत के समय थी। वहीं नगर पंचायत प्रशासन ने जल्द सुधार का भरोसा दिया है। नगर पंचायत सेलाकुई के अधिशासी अधिकारी आरडी पाठक ने बताया कि सभी वार्डों में चौक नालियों को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है तथा कई स्थानों पर सोख्ते बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर प्रत्येक वार्ड में सड़क निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

