हरिद्वार,04 जून(आरएनएस)। बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सीवरेज कार्यों के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत में तेजी लाई गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर उत्तराखंड पेयजल निगम और कार्यदायी संस्था द्वारा दिन-रात निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे लंबे समय से परेशानी झेल रहे स्थानीय लोगों, व्यापारियों और यात्रियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीवरेज परियोजनाओं के तहत खोदी गई सड़कों की मरम्मत हर हाल में शीघ्र पूरी की जाए। इसके अनुपालन में निर्माण कार्यों की गति बढ़ा दी गई है और विभिन्न क्षेत्रों में सड़क पुनर्निर्माण का कार्य लगातार जारी है।परियोजना
प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, उत्तराखंड पेयजल निगम मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्तपोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के पैकेज-01 और पैकेज-02 के तहत सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। गुरुवार को पैकेज-01 के अंतर्गत राणा रोड पर 47.7 मीटर, लोधामंडी में 20 मीटर, प्रेम विहार चौक पर 45.6 मीटर तथा गायत्री तपोवन क्षेत्र में 30 मीटर सीसी सड़क का निर्माण पूरा किया गया। इस पैकेज में कुल 143.3 मीटर कार्य पूर्ण हुआ। वहीं पैकेज-02 के अंतर्गत गणपति धाम फेस-2 में 15 मीटर, गणपति धाम फेस-3 में 60 मीटर और मोहन एन्क्लेव में 35 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया। इस पैकेज में कुल 110 मीटर सड़क का पुनर्निर्माण किया गया। इस प्रकार एक ही दिन में दोनों पैकेजों के तहत कुल 253.3 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया। अधिकारियों के अनुसार शेष कार्य भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए लगातार दिन-रात काम किया जा रहा है, ताकि चारधाम यात्रा के दौरान यातायात सुचारु बना रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

