हरिद्वार,04 जून(आरएनएस)। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एकम्स फाउंडेशन ने उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग को फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध कराए हैं। कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत किए गए इस सहयोग का लाभ यात्रा मार्गों पर तैनात अग्निशमन वाहनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मिलेगा। यात्रा मार्ग पर किसी भी आकस्मिक घटना या स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के लिए इन फर्स्ट एड बॉक्स को अग्निशमन विभाग के उन वाहनों में रखा जाएगा, जो लगातार यात्रा मार्गों पर सेवाएं दे रहे हैं। फाउंडेशन की निदेशक अर्चना जैन ने कहा कि चारधाम यात्रा देश की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सहायता में योगदान देना संस्था के लिए गर्व का विषय है। उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के अधिकारी अनिल त्यागी ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने में यह सहयोग उपयोगी साबित होगा। इस अवसर पर एकम्स फाउंडेशन के केडी शर्मा, अमित चौधरी, इशांत कुमार, अंकित तिवारी, मेघा, रितिका मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

