रायपुर, 10 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के बीरगांव स्थित रावाभाठा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक माहौल गरमा गया। कार्यक्रम का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू के काफिले को रोकने की कोशिश की और उनकी गाड़ी के सामने लेटकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार शिविर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने महिलाओं को आवासीय पट्टा वितरण, 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने और महतारी वंदन योजना से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के दौरान बैरिकेडिंग के पास कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब विधायक मोतीलाल साहू का काफिला कार्यक्रम स्थल पहुंचा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काफिले को रोकने का प्रयास किया और कुछ प्रदर्शनकारी विधायक की गाड़ी के सामने लेट गए। इसके बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प की स्थिति बन गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को अलग कर हालात पर काबू पाया। पुलिस की मौजूदगी के चलते किसी बड़ी अप्रिय घटना से बचाव हो गया।कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष पप्पू बंजारे ने कहा कि प्रदर्शन पूर्व निर्धारित था और इसकी सूचना पहले ही प्रशासन को दे दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने पहुंचे थे। वहीं, कार्यक्रम के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

