हरिद्वार,04 जून(आरएनएस)। हरिद्वार में बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में छह जून से स्मार्ट मीटर स्थापना अभियान शुरू होने जा रहा है। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के तहत हरिद्वार और रुड़की क्षेत्र के हजारों विद्युत उपभोक्ताओं के घरों और प्रतिष्ठानों में चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। संभावित विरोध को देखते हुए जिला प्रशासन ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य अभियंता (वितरण) हरिद्वार क्षेत्र शेखर चंद्र ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य मैसर्स जीनस पावर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, जयपुर द्वारा किया जाएगा। योजना के तहत उपभोक्ताओं को पारदर्शी बिलिंग, बिजली खपत की सटीक जानकारी, रियल टाइम मॉनिटरिंग और बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। भारत सरकार के एक अप्रैल 2026 के राजपत्र के अनुसार निर्धारित समयावधि में सभी उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य किया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्मार्ट मीटर स्थापना के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि यह कार्य बिना किसी बाधा के समय पर पूरा हो सके। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से भी सहयोग की अपील की है।प्रथम चरण में यहां लगेंगे स्मार्ट मीटरप्रथम चरण में हरिद्वार मंडल के जगजीतपुर, सराय, इब्राहिमपुर खुर्द, इब्राहिमपुर कला, शिवालिक नगर, विकास कॉलोनी, मायापुर, श्रीनाथ नगर भूपतवाला, सन्यास रोड और निर्मल बाग कनखल क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। वहीं रुड़की मंडल में सोत मोहल्ला, बीएसएम तिराहा, आवास विकास, लेबर चौक, डिफेंस कॉलोनी, चौधरी चरण सिंह चौक, सिविल लाइंस, आदर्श नगर, ईदगाह रोड और रामपुर तिराहा क्षेत्रों को पहले चरण में शामिल किया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

