मेरठ 5 जून (आरएनएस )। नई सड़क पर भोलेश्वर मंदिर के पास नगर निगम द्वारा पाइप लाइन बदलने के लिए सड़क खोद दी गई है। वहीं, दूसरी तरफ गढ़ रोड तक पहुंचने के लिए यहीं मौजूद दूसरे वैकल्पिक मार्ग को दबंगों ने गेट लगाकर बंद कर दिया है। जिसके चलते आम नागरिकों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने इस मामले में डीएम से शिकायत की बात कही है।
दरअसल, नई सड़क पर भोलेश्वर मंदिर के पास कुछ दिन पहले नगर निगम द्वारा पाइप लाइन बदलने का काम शुरू किया गया। जिसके चलते सेक्टर पांच के मोड़ के आगे पूरी सड़क को खोद दिया गया। निर्माण कार्य के चलते शास्त्रीनगर से नई सड़क होकर गढ़ रोड पर जाने वाले लोगों को अब भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि अब उन्हें लंबा चक्कर काटकर रंगोली मंडप के सामने से गढ़ रोड पर जाना पड़ रहा है। जबकि नई सड़क पर ही नवयुग साड़ी वाले मार्केट से पहले एक रास्ता है, जो भोलेश्वर मंदिर के बराबर वाली सड़क पर निकलता है। आरोप है कि इस मार्ग पर दबंगों ने कई साल पहले गेट लगवा दिया था। जो पिछले कई साल से बंद है। दबंग इसे अपनी सुविधा अनुसार समय-समय पर खोलते हैं।
स्थानीय निवासियों की मांग है कि यदि निर्माण कार्य के दौरान यह गेट खोल दिया जाए तो गढ़ रोड तक पहुंचने के लिए खर्च होने वाला उनका काफी समय बचेगा। मगर इसके बावजूद दबंग आम रास्ते पर कब्जा करके गेट नहीं खोल रहे। स्थानीय निवासियों ने पूरे मामले की शिकायत डीएम से करने की बात कही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

