मेरठ 5 जून (आरएनएस )। बृहस्पतिवार को टीपी नगर थाना क्षेत्र में कुछ दबंगों ने सड़क से गुजरते एक मुस्लिम युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट डाला। युवक का कुसूर सिर्फ इतना था कि उसने दबंगों को बकरा ईद की दावत देने से इनकार कर दिया। हमले की यह घटना निकट लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके बाद पीडि़त ने तीन आरोपियों को नामजद करते हुए घटना की तहरीर दी है।
गोलाबढ़ निवासी आबिद चौहान ने बताया कि उनके चाचा की कॉलोनी के बाहर सड़क पर चौहान गारमेंट्स के नाम से दुकान है। आबिद के मुताबिक बृहस्पतिवार की दोपहर वह अपने चाचा की दुकान पर जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में खड़े रवि व उसके साथी अमरजीत उर्फ छोटू और दीपक ने आबिद को रोक लिया। रवि ने बकरा ईद की दावत ना देने की बात कहते हुए आबिद के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जिसका विरोध करने पर तीनों युवको ने लाठी और सरिये से बीच सड़क पर आबिद की जमकर पिटाई की।
सड़क से गुजरते लोगों ने जैसे-तैसे दबंगों के चंगुल से आबिद को छुड़ाया। हमले की यह घटना एक हलवाई की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए पीडि़त ने तीनों आरोपियों को नामजद करते हुए घटना की तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

