मेरठ 5 जून (आरएनएस ) मेरठ के नौचंदी मेले में आयोजित एक कॉमेडी शो के दौरान विवाद हो गया। पटेल मंडप में चल रहे इस कार्यक्रम में साउंड सिस्टम संचालक और कलाकार पक्ष के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई। इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद बच्चों में दहशत फैल गई।
यह घटना बृहस्पतिवार देर रात नौचंदी ग्राउंड स्थित पटेल मंडप में हुई। कॉमेडी नाइट शो के दौरान तकनीकी व्यवस्था को लेकर साउंड ऑपरेटर पंकज और कलाकार पक्ष के कुछ लोगों के बीच बहस हुई। आरोप है कि यह मामूली विवाद जल्द ही बढ़ गया और कलाकार के साथ आए बाउंसरों ने पंकज के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के समय साउंड ऑपरेटर पंकज के बच्चे भी मौके पर मौजूद थे। बच्चों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई, जिससे वे घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वहां मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन तभी कुछ अन्य लोगों ने कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं। पीडि़त पंकज ने आरोप लगाया है कि उसे बिना किसी कारण के निशाना बनाया गया। उन्होंने बताया कि उनके साथ गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर मारपीट की गई। घटना के बाद पंकज ने नौचंदी थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही घटना के समय मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। इस घटना के बाद कॉमेडी शो की बजाय विवाद और मारपीट की चर्चा अधिक रही। पुलिस ने कहा है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बच्चों और परिवारों के सामने हुई इस घटना ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

