धार 5 जून (आरएनएस)। जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक और युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना राजगढ़ के भानगढ़ रोड पर नरसिंह देवला फाटे के समीप हुई। दोनों को सिविल अस्पताल सरदारपुर ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
राहगीरों ने नरसिंह देवला फाटे के पास सड़क किनारे एक कार में युवक और युवती को तड़पते देखा। उन्होंने तत्काल डायल 112 को सूचना दी और एंबुलेंस बुलाई। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की जान चली गई। युवक सड़क किनारे पड़ा था, जबकि युवती कार के अंदर तड़प रही थी।
राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से चार पहिया वाहन, मोबाइल फोन और कार के अंदर से करीब 29,500 रुपए नकद जब्त किए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी समय से सड़क किनारे खड़ी थी। एक बोतल में पानी के साथ मिला हुआ जहरीला पदार्थ भी मिला, जिसे पीकर दोनों ने आत्महत्या की। मृत युवक और युवती दोनों ग्राम लाबरिया धुलिया खेड़ी के निवासी थे। युवक की उम्र लगभग 20 वर्ष और युवती की उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सरदारपुर में रखवाया गया है।
प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंची और जहरीले पदार्थ का सैंपल लिया। युवती पहले से शादीशुदा बताई जा रही है, लेकिन इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

