इंदौर 5 जून (आरएनएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (वर्चुअल) एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शुक्रवार को इंदौर ग्रामीण जिला कार्यालय का ग्राम नवादा पंथ में भूमि पूजन कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए कार्यालय केवल भवन नहीं, समर्पण और संगठनात्मक संस्कारों का प्रतीक होता है। इंदौर ग्रामीण जिला कार्यालय के निर्माण से पार्टी संगठन को नई ताकत मिलेगी। एक कार्यकर्ता के लिए पार्टी कार्यालय अपने घर के समान गौरव का विषय होता है। यहीं से संगठन की विचारधारा जन-जन तक पहुंचती है और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा, प्रेरणा और दिशा प्राप्त होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पार्टी न केवल देश में, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में गौरवशाली पहचान स्थापित की है। ऐसे समय में संगठन के आधारभूत ढांचे को और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी के कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिए मंदिर के समान होते हैं। भाजपा ही एक मात्र राजनीतिक दल है जो नेताओं के घर से नहीं पार्टी कार्यालय से संचालित होता है। भाजपा किसी व्यक्ति या परिवार आधारित नहीं, बल्कि विचारधारा, संगठन और कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। यही बात भाजपा को अन्य सभी राजनीतिक दलों से विशिष्ट बनाता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने जिला कार्यालय के लिए भूमि देने वाले मनोहर पटेल एवं इंदर पटेल को सम्मानित किया। कार्यक्रम को मध्यप्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं तुलसीराम सिलावट ने भी संबोधित किया।
कार्यकर्ता के लिए पार्टी कार्यालय अपने घर के समान गौरव का विषय होता है- डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसी भी संगठन का कार्यालय केवल एक भवन नहीं होता, बल्कि वह कार्यकर्ताओं की भावनाओं, संकल्पों और संगठनात्मक ऊर्जा का सशक्त केंद्र होता है। एक कार्यकर्ता के लिए पार्टी कार्यालय का निर्माण उतना ही सुखद, आत्मीय और गौरवपूर्ण होता है, जितना अपने स्वयं के घर का निर्माण। हमारी कार्यपद्धति में कार्यालय संगठन की गतिविधियों, बैठकों, कार्यकारिणी की बैठकों एवं विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन का प्रमुख आधार होता है। कार्यालयों से संगठन की विचारधारा जन-जन तक पहुंचती है तथा कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा, प्रेरणा और दिशा प्राप्त होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने न केवल देश में, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में गौरवशाली पहचान स्थापित की है। ऐसे समय में संगठन के आधारभूत ढांचे को और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में इंदौर हमारी वैचारिक चेतना और संगठनात्मक शक्ति का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। इंदौर का नाम आते ही गर्व की अनुभूति होती है। यह शहर लगातार स्वच्छता के क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर रहा है। लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रेरणादायी विरासत को आगे बढ़ाने वाला इंदौर सुशासन, संस्कृति और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। आर्थिक दृष्टि से भी इंदौर मध्यप्रदेश की प्रगति और समृद्धि का प्रमुख केंद्र है। संगठन की दृष्टि से भी इंदौर का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां के कार्यकर्ताओं ने हर चुनौती का डटकर सामना करते हुए भाजपा संगठन को मजबूत बनाया और कांग्रेस को पराजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यदि भाजपा की विजय यात्रा का कोई प्रमुख केंद्र कहा जाए तो इंदौर निश्चित रूप से अग्रणी स्थान पर है। इंदौर ग्रामीण सहित पूरे मध्यप्रदेश में कार्यकर्ता समर्पण, निष्ठा और परिश्रम के साथ संगठन की विजय पताका को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। भाजपा का संगठन कार्यकर्ता आधारित है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में ऐसे कार्यालय विकसित किए जा रहे हैं, जो कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा, संवाद, प्रशिक्षण और संगठनात्मक गतिविधियों के आदर्श केंद्र बन सकें। मध्यप्रदेश ने संगठनात्मक कार्यों के माध्यम से पूरे देश के समक्ष अनेक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किए हैं और भविष्य में भी संगठन विस्तार तथा जनसेवा के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।
प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर कार्यालयों का निर्माण किया जा रहा-हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी कार्यालय ही मंदिर के समान है। भाजपा की विशिष्ट कार्यपद्धति और संगठनात्मक संस्कृति के कारण आज पार्टी पूरे देश में सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित हुई है। जब मैंने प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभाला था, तब प्रदेश के लगभग 45 जिलों में पार्टी कार्यालय थे, जबकि संगठनात्मक दृष्टि से प्रदेश में 62 जिले हैं। सभी जिलों में व्यवस्थित कार्यालय हो, इसी सोच के साथ पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यालयों के निर्माण का अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के अनुरूप अधिकाधिक संगठनात्मक बैठकें जिला स्तर पर आयोजित करने की दृष्टि से आधुनिक सुविधाओं से युक्त जिला कार्यालय बनाए जा रहे हैं। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व व कार्यकर्ता की विशेष इच्छा थी कि इंदौर ग्रामीण में भी एक सुसज्जित भाजपा कार्यालय बने, जहां कार्यकर्ताओं को संगठन और जनप्रतिनिधियों से संवाद की बेहतर सुविधा मिल सके। भाजपा में सभी कार्यकर्ता समान होते हैं, सिर्फ दायित्व अलग-अलग होते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के उल्लेखनीय व विकास कार्यों को पार्टी कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यालय में प्रतिदिन मध्यप्रदेश शासन के मंत्रियों की बैठक व्यवस्था प्रारंभ की गई है, जहां कार्यकर्ताओं की जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा में पद सम्मान का नहीं, बल्कि दायित्व का विषय होता है। सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मिलकर संगठन को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं। कोई कार्यकर्ता किसी भी पद पर हो, लेकिन संगठन में सभी का महत्व समान रहता है। भाजपा सदैव अपने कार्यकर्ताओं के सम्मान की चिंता करती है। पार्टी की विचारधारा और संगठन निरंतर आगे बढ़े और मजबूत बने इसको लेकर सभी कार्यकर्ता चिंता करें। संगठन बुलंदियों तक पहुंचे कार्यकर्ता इसके लिए कार्य करें। पार्टी संगठन कार्यकर्ताओं की चिंता करता है। इंदौर ग्रामीण भाजपा जिला कार्यालय का लोकार्पण पार्टी के अगले वर्ष स्थापना दिवस 6 अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से एक भव्य और सुसज्जित कार्यालय का निर्माण होगा, जो संगठनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। अंत में उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि कमल को निरंतर खिलाए रखने में कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही सबसे बड़ी शक्ति है।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के मंत्री नागर सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, सांसद शंकर लालवानी, कविता पाटीदार, अनिता नागर सिंह चौहान, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान परमार, पूर्व मंत्री व विधायक उषा ठाकुर, विधायक मनोज पटेल, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, वरिष्ठ नेता जीतू जिराती, इंदौर नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, पूर्व जिला अध्यक्ष चिंटू वर्मा, शैलेष डागा सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

