रतलाम 5 जून (आरएनएस)। जिले के नामली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचेड़ के समीप स्थित एक वाटर पार्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वाटर पार्क की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की मुखबिर की सूचना पर पुलिस बल ने अचानक छापा मारा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार को ग्राम पंचेड़ के ‘तुलसी वाटर पार्कÓ में संदिग्ध गतिविधियों के संचालन की सटीक सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस स्पेशल टीम ने अधिकारियों के साथ तालमेल बैठाकर वाटर पार्क पर अचानक दबिश दी।
छापेमारी की इस कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर महिला डीएसपी सहित तीन डीएसपी स्तर के अधिकारी खुद कमान संभाले हुए थे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस अचानक कार्रवाई से वाटर पार्क के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, तुलसी वाटर पार्क की आड़ में अवैध रूप से स्पा सेंटर संचालित किया जा रहा था, जहाँ अनैतिक गतिविधियां चल रही थीं। पुलिस ने मौके से तीन बाहरी युवतियों को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही वाटर पार्क के संचालक और कुछ संदिग्ध युवकों को भी पकड़ा गया है।
नामली थाना प्रभारी अमित कोरी ने बताया कि पकड़े गए सभी युवक-युवतियों और संचालक को नामली थाने लेकर पहुंची है। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में सभी संदिग्धों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य कडिय़ों और मुख्य नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पूछताछ के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

