लखनऊ ,06 जून(आरएनएस)। थाना काकोरी क्षेत्र के ग्राम सकरा में बीती रात एक घर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना में चोरों ने घर की चाबी का उपयोग कर अंदर प्रवेश करते हुए नकदी, आभूषण एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सकरा निवासी नईम पुत्र रसूल बक्स ने पुलिस को सूचना दी कि रात के समय वह अपनी पत्नी नूरजहां के साथ घर की छत पर सो रहे थे, जबकि उनके बच्चे एक विवाह समारोह में गए हुए थे। इस दौरान घर की चाबी सिरहाने रखी हुई थी, जिसका उपयोग कर अज्ञात चोर मकान के पीछे की ओर से छत पर चढ़कर घर के अंदर दाखिल हो गए।बताया गया कि चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी को खोलकर उसमें मौजूद सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, लगभग 5 हजार रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। इसके बाद अलमारी को घर से बाहर निकालकर पास स्थित खेत में छोड़ दिया गया।घटना की सूचना मिलने पर थाना काकोरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई भी कराई गई।पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के अनावरण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है।इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं तलाश के लिए पुलिस द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के शीघ्र अनावरण, चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी आवश्यक वैधानिक एवं तकनीकी कार्रवाई की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

