सीतापुर,लखनऊ ,06 जून(आरएनएस)। थाना संधाना क्षेत्र में दर्ज अपहरण के एक मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में लापता युवती मानसी (उम्र लगभग 19 वर्ष) के संबंध में जंगल क्षेत्र से मानव अवशेष एवं कपड़े बरामद किए गए हैं, जिसके बाद उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।जानकारी के अनुसार मानसी पुत्री महेश, निवासी कस्बा एवं थाना संधाना, 25 मई 2026 को अपने घर से ग्राम कुचलयी स्थित महाविद्यालय जाने के लिए निकली थी, लेकिन उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों की तहरीर पर थाना संधाना में धारा 87 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा उसकी तलाश एवं विवेचना की जा रही थी।विवेचना के दौरान पुलिस को प्राप्त साक्ष्यों और अभियुक्त विशाल पाल पुत्र भन्नू पाल, निवासी ग्राम सरैया, थाना संधाना से पूछताछ के आधार पर टीम थाना बीकेटी क्षेत्रांतर्गत ग्राम देवरई कला के निकट स्थित जंगल क्षेत्र में पहुंची। वहां से पुलिस को युवती के कपड़े, एक चप्पल, कंकालनुमा अवशेष, अस्थियां एवं बाल बरामद हुए।मौके पर पहुंचे परिजनों ने बरामद कपड़ों एवं अवशेषों की पहचान लापता युवती मानसी के रूप में की है। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि अभियुक्त और मृतका के बीच प्रेम-प्रसंग था। बताया जा रहा है कि युवती के गर्भवती हो जाने के कारण अभियुक्त द्वारा उसकी हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया गया, जिससे समय बीतने पर शव पूरी तरह क्षत-विक्षत होकर कंकाल के रूप में परिवर्तित हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस एवं वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया गया। फॉरेंसिक टीम द्वारा वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है। बरामद अवशेषों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है तथा पोस्टमार्टम, डीएनए परीक्षण एवं अन्य विधिक प्रक्रियाएं नियमानुसार कराई जा रही हैं।पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। अधिकारियों के अनुसार मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

