-लेखपाल की लापरवाही व मुआवजान मिलने के आये मामले
मिल्कीपुर-अयोध्या,06 जून(आरएनएस)।शनिवार को तहसील दिवस का आयोजन किया गया राजस्व विवाद, भूमि कब्जा, सीमांकन, राहत अनुदान और प्रशासनिक लापरवाही से जुड़े मामलों की भरमार रही। मिल्कीपुर तहसील में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमित कुमार भट्ट, उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार, क्षेत्राधिकारी पियूष पाल तथा तहसीलदार ने लोगों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में रेवना पूरे तारावती गांव की 92 वर्षीय सीता देवी ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी चकबंदी की भूमि गाटा संख्या 809 पर कुछ लोग आबादी की जमीन बताकर जबरन कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में भूमि की पैमाइश और खूंटा गाडऩे की कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन विपक्षियों ने खूंटे उखाड़ दिए। इनायतनगर थाना क्षेत्र के सागर पट्टी निवासी दिव्यांग हरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे खेत तक पहुंचने का रास्ता बंद हो गया है। उन्होंने दो वर्षों से लगातार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई न होने की बात कही।
ग्राम पंचायत पलिया मुतलके कुचेरा के प्रधान प्रतिनिधि विजय सिंह ने लेखपाल दिनेश पांडे पर विकास कार्यों और सरकारी भूमि के सीमांकन में लापरवाही का आरोप लगाया। मामले को गंभीर मानते हुए एडीएम ने संबंधित लेखपाल को तत्काल ग्राम पंचायत से हटाने के निर्देश दिए। ईंट गांव निवासी धन प्रताप सिंह ने अग्निकांड पीडि़त परिवारों को तीन माह बाद भी राहत अनुदान न मिलने की शिकायत की। इस पर एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। एडीएम अमित कुमार भट्ट ने बताया कि समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त हुईं। उन्होंने कहा कि आगामी समाधान दिवसों में बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही 30 प्रकरणों के निस्तारण के लिए 30 टीमों का गठन कर जांच के निर्देश दिए गए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

