भोपाल,06 जून(आरएनएस)। अयोध्या नगर क्षेत्र में राहगीर की मदद के लिए पहुंचे युवक पर बदमाशों ने हमला कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें छिंदवाड़ा और बैतूल में दबिश देकर पकड़ा है।
थाना प्रभारी महेश लिल्हारे ने बताया कि घटना 26 मई की रात करीब 3 बजे की है। पीस वैली-2 निवासी 23 वर्षीय अरुण योगी अपने भाई तरुण योगी की मदद के लिए पेट्रोल लेकर पहुंचे थे। तरुण की कार काकड़ा अभिनव होम्स के पास सड़क पर खड़ी थी। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगे।
विवाद बढऩे पर आरोपियों ने लकड़ी के डंडों से अरुण पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई तरुण और मित्र शिवोम को भी नहीं छोड़ा। एक आरोपी ने धारदार हथियार से वार किया, जिससे तरुण के सिर में गंभीर चोट आई। पुलिस सायरन की आवाज सुनते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अयोध्यानगर थाने में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की और छिंदवाड़ा व बैतूल में दबिश देकर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मिनाल रेजीडेंसी के जैसमिन अपार्टमेंट में रह रहे थे और देर रात राहगीरों से गाली-गलौज व मारपीट करते थे। इलाके में इनकी गतिविधियों से दहशत का माहौल था। गिरफ्तार आरोपियों में समीर उर्फ शम्मू आरसे (19), सत्यम तिवारी (20), शिवम पिंजारे (20) और अक्षत उर्फ रौनक डेहरिया (20) शामिल हैं। सभी मूल रूप से छिंदवाड़ा और बैतूल के निवासी हैं।

