भोपाल,06 जून(आरएनएस)।शहर में बढ़ते अपराध पर लगाम कसने के लिए क्राइम ब्रांच ने लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।
अलग-अलग मामलों में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया।
पहले मामले में क्राइम ब्रांच टीम को सूचना मिली कि सुभाष नगर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक युवक कान्हा सेन अवैध पिस्टल लेकर खड़ा है। टीम ने घेराबंदी कर 19 वर्षीय कान्हा सेन को गिरफ्तार किया, जो गंज बासौदा का रहने वाला है। तलाशी में उसके पास से एक देशी पिस्टल बरामद हुई।
आरोपी के पास हथियार का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस के अनुसार वह किसी बड़ी आपराधिक घटना की तैयारी में था।
दूसरे मामले में क्राइम ब्रांच ने जहांगीराबाद क्षेत्र के जेल पहाड़ी रोड स्थित जनसंवेदना कार्यालय के पास से शेख फैजान (28) को दबोचा। उसके पास से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
फैजान का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसमें मारपीट, जुआ और सट्टा से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
क्राइम ब्रांच के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक आर्म्स एक्ट के 9 प्रकरणों में 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनसे 9 पिस्टल, 2 राइफल, 2 देशी कट्टे, 9 जिंदा कारतूस, 3 मोबाइल और एक कार जब्त की गई है।
दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ जारी है। खास तौर पर हथियारों के सप्लायर और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

