नर्मदापुरम,06 जून(आरएनएस)।जिले में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार असर दिखा रही हैं। पिछले तीन दिनों से मौसम में रोज बदलाव देखने को मिल रहा है।
शनिवार दोपहर करीब 3 बजे अचानक मौसम बदला और माखननगर तथा इटारसी क्षेत्र में तेज आंधी के साथ बारिश हुई।
करीब आधे घंटे तक चली आंधी और 10 से 15 मिनट की बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया।
तेज हवाओं के कारण माखननगर के सिरवाड़ रोड पर एक पेड़ सड़क पर गिर गया, जबकि एक अन्य पेड़ बालक छात्रावास की छत पर आ गिरा।
कई स्थानों पर टीन शेड और प्लास्टिक सामग्री उड़ गई। आंधी से बिजली लाइनों को भी नुकसान पहुंचा, जिससे कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जिले में अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और अरब सागर से आ रही नमी के कारण तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

