आगर मालवा,06 जून(आरएनएस)। जिले के बड़ौद थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर 11 आरोपियों को हिरासत में लिया है और दो चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। इस दौरान पुलिस के डायल-112 वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया।
ग्राम सुदवास निवासी तेजुलाल सूर्यवंशी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनकी पहली पत्नी शांताबाई के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे उन्हें फोन पर खेत में बोवनी कर कब्जा करने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलने पर तेजुलाल ने डायल-112 को सूचित किया और पुलिस के साथ खेत पर पहुंचे। रिपोर्ट के अनुसार, खेत पर ट्रैक्टर से जुताई की जा रही थी। तेजुलाल के विरोध करने पर शांताबाई, रचना, राधा, दुर्गा सहित अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए डंडों से मारपीट की।
फरियादी ने आरोप लगाया कि कुछ आरोपी तलवार लेकर भी हमला करने के लिए आगे बढ़े, लेकिन पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। एफआईआर में यह भी आरोप है कि विवाद के दौरान डायल-112 वाहन को घेर लिया गया और शिकायतकर्ता को बाहर निकालने के प्रयास में वाहन के गेट का लॉक तोड़ दिया गया।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि जमीन छोडऩे के बदले उनसे तीन लाख रुपए मांगे गए और जान से मारने की धमकी दी गई।
शनिवार को एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा ने बताया कि मामले में अब तक 10 आरोपियों को नामजद किया गया है और अन्य आरोपियों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है। कुल 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
एसडीओपी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त दो चार पहिया वाहन जब्त किए गए हैं और अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस महिला आरोपियों की तलाश भी कर रही है और पूरे मामले की जांच कर रही है।

