देवास,06 जून(आरएनएस)। एमजी रोड पर नगर निगम ने एक नाले के ऊपर अवैध रूप से निर्मित दुकान को शनिवार को दोबारा हटा दिया। यह कार्रवाई निगम आयुक्त दलीप कुमार के निर्देश पर की गई।
गांजाभांग चौराहे पर स्थित इस दुकान को पहले भी नाला निर्माण कार्य में बाधा बनने के कारण हटाया गया था। निगम ने नाले का निर्माण पूरा किया, लेकिन दुकान संचालक ने नाले के ऊपर फिर से अवैध निर्माण कर लिया था।
शनिवार को निगम की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से इस अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाले के ऊपर किसी भी प्रकार का स्थायी या अस्थायी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे निर्माणों को तत्काल हटाया जाएगा।
आयुक्त दलीप कुमार ने बताया कि एमजी रोड पर नाला निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक और सीवरेज लाइन डालने का काम भी किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बारिश से पहले पूरे प्रोजेक्ट को पूरा करना है।
इस परियोजना से क्षेत्र के नागरिकों और व्यापारियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी। साथ ही, बारिश के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।

