नईदिल्ली,07 जून। भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज साई सुदर्शन ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ एकमात्र टेस्ट की पहली पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतकीय पारी (81) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का तीसरा और अफगान टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 67 गेंदों में पूरा किया। उनकी पारी से भारतीय टीम शुरुआती झटके से उभरकर मैच में बड़े स्कोर की ओर अग्रसर हो पाई। आइए सुदर्शन की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
भारत को पहले बल्लेबाजी करते हुए 41 रन के कुल स्कोर पर पहला झटका लग गया था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए सुदर्शन ने केएल राहुल के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 184 गेंदों में 139 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक भी पूरे किए, लेकिन सुदर्शन पहला शतक जडऩे से चूक गए। वह 104 गेंदों में 13 चौकों की मदद से 81 रन बनाकर आउट हुए।
सुदर्शन ने अब तक 7 टेस्ट की 12 पारियों में 27.45 की औसत के साथ 383 रन बनाए। उन्होंने अब तक 3 अर्धशतक लगाए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 87 रन का रहा है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पिछले साल इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली गई एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने उस सीरीज में 6 पारियों में 140 रन बनाए थे। उन्होंने टेस्ट करियर में अपने 50 चौके भी पूरे कर लिए हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

