-नगर पंचायत ने हटाने का दिया आश्वासन
मिल्कीपुर-अयोध्या 7 जून (आरएनएस)। नगर पंचायत कुमारगंज क्षेत्र में बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग, पोस्टर, बैनर और पंपलेटों की भरमार देखी जा रही है। ओवरब्रिज के नीचे, प्रमुख चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी संख्या में विज्ञापन सामग्री लगी हुई है, जिससे न केवल नगर की सुंदरता प्रभावित हो रही है बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों आंधी और तेज हवाओं का मौसम चल रहा है। ऐसे में लगे बड़े-बड़े होर्डिंग कभी भी टूटकर सड़क पर गिर सकते हैं। यदि किसी समय यातायात के दौरान होर्डिंग गिर गया तो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। विशेष रूप से कुमारगंज ओवरब्रिज के नीचे और आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर बिना अनुमति के होर्डिंग लगाए गए हैं। इसके अलावा बिजली के खंभों, दीवारों और सार्वजनिक संपत्तियों पर भी पोस्टर, बैनर और पंपलेट चस्पा किए गए हैं। गौरतलब है कि पिछले वर्ष नगर पंचायत प्रशासन ने 20 मई के आसपास अभियान चलाकर अवैध होर्डिंग और विज्ञापन सामग्री को हटवाया था। इसके बावजूद इस वर्ष अब तक कोई व्यापक कार्रवाई नहीं की गई है, नागरिकों का कहना है कि बरसात और आंधी के मौसम से पहले ऐसे सभी अवैध होर्डिंग हटाए जाने चाहिए ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। इस संबंध में नगर पंचायत कुमारगंज के अधिशासी अधिकारी संजय शुक्ला ने बताया कि नगर क्षेत्र में लगे अवैध होर्डिंग, पोस्टर और बैनरों को चिन्हित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर अभियान चलाकर सभी अवैध होर्डिंग और विज्ञापन सामग्री हटवा दी जाएगी, जिससे नगर क्षेत्र को सुरक्षित और स्वच्छ बनाया जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

