अनूपपुर 7 जून (आरएनएस)। भारत सरकार एवं मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर 7 जून 2026 को जिला मुख्यालय अनूपपुर में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण तथा ईंधन बचत के प्रति जागरूक करना रहा।
यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के मार्गदर्शन एवं खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को कलेक्टर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जगनाथ मरकाम का संरक्षण प्राप्त रहा।
साइकिल रैली का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला खेल प्रशिक्षक एवं जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव रामचंद्र यादव, ग्रामीण युवा समन्वयक एवं स्टेट रेफरी-नेशनल ट्रेनर वॉलीबॉल दिनेश कुमार सिंह चंदेल, ग्रामीण युवा समन्वयक खेलन प्रसाद कोल एवं पूरन सिंह श्याम द्वारा किया गया।
रैली का शुभारंभ उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर से हुआ। प्रतिभागी छात्र-छात्राएं एवं खिलाड़ी इंदिरा चौक, पुराना तहसील रोड एवं न्यायालय रोड होते हुए शासकीय तुलसी महाविद्यालय (प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस) अनूपपुर पहुंचे, जहां रैली का समापन हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जैतहरी तहसील के तहसीलदार रमाकांत तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे शरीर स्वस्थ रहता है, प्रदूषण कम होता है तथा डीजल-पेट्रोल की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से साइकिल उपयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में तुलसी महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी रामायण प्रसाद वर्मा, कन्या महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी इंद्र नारायण काक्षी, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार जैन, एनसीसी प्रभारी उदय प्रताप सिंह, स्काउट-गाइड प्रभारी रमाकांत द्विवेदी, वरिष्ठ खिलाड़ी दिनेश पटेल, व्यायाम शिक्षक धनीराम वनवासी, समाजसेवी दिवाकर सिंह, अखिलेश सिंह, पुलिस विभाग से सहायक उपनिरीक्षक उमेश सिंह बघेल, ट्रैफिक पुलिस से रिजवान खान, चिकित्सा विभाग से बी.डी. कोरी एंबुलेंस दल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रैली के दौरान ब्लॉक समन्वयक खेल एवं युवा कल्याण विभाग जैतहरी तथा जिला वॉलीबॉल संघ के सहसचिव दिनेश कुमार सिंह चंदेल ने प्रभावी मंच संचालन करते हुए प्रतिभागियों से “साइकिल चलाइए, डीजल-पेट्रोल बचाइए”, “साइकिल चलाइए, सेहत बनाइए”, “पेड़ लगाइए, जीवन बचाइए” जैसे प्रेरक नारे लगवाए, जिससे पूरे नगर में जागरूकता का संदेश पहुंचा।
कार्यक्रम के अंत में जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव एवं जिला खेल प्रशिक्षक रामचंद्र यादव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आयोजित यह रैली स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सफल रही।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

