भोपाल 7 जून (आरएनएस)। शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र की अशोका कॉलोनी में शुक्रवार देर रात स्कूटी सवार दो बदमाशों ने सरेराह हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। वारदात के बाद भागते समय बदमाशों की स्कूटी असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई, लेकिन स्थानीय लोग उन्हें पकड़ पाते उससे पहले ही दोनों मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जो रविवार को सामने आया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे दो युवक स्कूटी से अशोका कॉलोनी की एक गली में पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने वहां पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी और इसके बाद हवा में कई राउंड फायर कर दिए। अचानक हुई गोलीबारी से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोग डर के कारण घरों से बाहर निकल आए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाश किसी को डराने या इलाके में अपना प्रभाव दिखाने के इरादे से पहुंचे थे। हालांकि फायरिंग का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
फायरिंग के बाद दोनों बदमाश तेजी से वहां से भागने लगे। इसी दौरान उनकी स्कूटी फिसल गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसके बावजूद उन्होंने तुरंत स्कूटी उठाई और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आए।
घटना की सूचना मिलते ही शाहजहानाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दोनों युवकों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
एसीपी अनिल वाजपेयी ने बताया कि मामले में आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

