भोपाल 7 जून (आरएनएस)। बैरागढ़ इलाके में रहने वाली नव विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने हत्या के आरोप लगाए हैं। जबकि पुलिस शुरुआती तौर पर आत्महत्या मानकर मामले की जांच कर रही है। महिला ने 5 महीने पहले घर वालों की मर्जी के खिलाफ लव मैरिज की थी। सुसाइड से पहले उसका पति से अन्य महिला से बात करने को लेकर विवाद हुआ था। मृतक को 4 महीने की प्रेग्नेंसी थी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
25 वर्षीय भारती सोलंकी पत्नी विक्की सोलंकी संजय नगर बैरागढ़ की रहने वाली थी और हाउस वाइफ थी। भारती ने 5 महीने पहले विक्की से लव मैरिज की थी। हालांकि परिजन इस शादी के खिलाफ थे लेकिन भारती ने शादी कर ली। महिला गर्भवती थी और सुसाइड से 2 दिन पहले डॉक्टर से रूटीन चेकअप भी कराया था। शादी से पहले तक भारती एक ज्वेलरी शॉप में काम करती थी। विक्की और उसकी मुलाकात इसी दौरान हुई थी। घटना शनिवार रात की है, जबकि पोस्टमार्टम रविवार की सुबह किया गया है।
भाई जीतू सोलंकी के मुताबिक भारती की मौत संदेह की हालत में हुई है। उन्हें मौत की सूचना अस्पताल पहुंचने के बाद दी गई है। उनका आरोप है कि जब सूचना के बाद अस्पताल पहुंचे तो विक्की ने फांसी लगाकर सुसाइड करने की बात कही। जबकि अन्य परिजन गिरकर मरने की बात कह रहे थे। भारती के बाएं हाथ की कलाई पर कट का गहरा निशान है। उसके गले पर भी निशान थे। हमें पूरेा शक है कि विक्की ने भारती की हत्या की है, जिसे आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया जा रहा है।
जीतू ने बताया कि बीते शुक्रवार को बहन ने विक्की को फोन पर उसकी गर्लफ्रेंड से बात करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया था। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, तब भी विक्की ने बहन के साथ मारपीट की थी। इस बात की जानकारी बहन ने कॉल कर उन्हें दी और घर बुलाया था। जीतू ने बताया कि जब वह घर पहुंचे तो पति-पत्नी का विवाद हो रहा था हालांकि वह बहन का घर बिगडऩा नहीं चाहते थे लिहाजा उन्होंने दोनों को समझाइए देकर बहन को ससुराल में ही रहने दिया। क्योंकि विक्की दूसरी महिला से रिलेशन में था और भारती उसके रास्ते में आ रही थी, विक्की ने इसी मंशा के चलते भारती की हत्या की है।
मामले की जांच कर रहे सचिन वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सुसाइड का नजर आ रहा है। फांसी लगाकर आत्महत्या की गई है। महिला चार माह की प्रेग्नेंट थी, परिजनों ने इस बात की जानकारी दी है। सुसाइड नोट नहीं मिलने से खुदकुशी के सही कारण का खुलासा नहीं हुआ है। फिलहाल मर्ग कायम किया है, पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

