नर्मदापुरम 7 जून (आरएनएस)। औबेदुल्लागंज-बैतूल नेशनल हाईवे पर नर्मदापुरम के ग्राम रायपुर के पास शनिवार रात करीब 9 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार हाईवे से करीब 20 फीट नीचे जा गिरी। दुर्घटना में नागपुर निवासी तीन महिलाओं और कार ड्राइवर को चोटें आई हैं। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, घायल परिवार मूल रूप से महाराष्ट्र के नागपुर का रहने वाला है। यह परिवार भोपाल के एक अस्पताल में भर्ती अपने बीमार रिश्तेदार से मिलकर वापस नागपुर लौट रहा था। कार में तीन महिलाएं और एक पुरुष सवार थे। इसी दौरान ग्राम रायपुर के पास किसी वाहन को ओवरटेक करते समय कार का संतुलन बिगड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बेकाबू होने के बाद कार ने करीब चार बार पलटी खाई और 20 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने मदद की और क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से सभी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें नर्मदा अपना अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया।
नर्मदा अस्पताल के मनोज सारन ने बताया कि हादसे में वर्षा लेकवानी (48), अनिता उबरानी (50), मीरा जेसवानी (60) और ड्राइवर सोनू गड़वार (40) घायल हुए हैं। अस्पताल के डॉ. रवि चढ़ार, डॉ. सौरभ रघुवंशी और डॉ. नरेंद्र परिहार की टीम ने घायलों का इलाज किया है। घटना की सूचना मिलने के बाद घायलों के परिजन भी नर्मदापुरम पहुंच गए हैं।

