जबलपुर 7 जून (आरएनएस)। मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में हुए हालिया तबादलों के तहत आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ को जबलपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर पदस्थ किया गया है। उनकी नियुक्ति को लेकर पुलिस महकमे और शहर में विशेष चर्चा है, क्योंकि वे पूर्व में एक चर्चित कार्रवाई के कारण सुर्खियों में रहे थे।
आयुष जाखड़ उस समय व्यापक चर्चा में आए थे, जब उन्होंने एक भाजपा विधायक के बेटे के खिलाफ कथित सड़क हादसे के मामले में कानूनी कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक स्तर पर भी विवाद सामने आया और विधायक द्वारा सार्वजनिक रूप से उनकी आलोचना की गई थी। इसके बावजूद जाखड़ की कार्रवाई और कार्यशैली को लेकर प्रदेशभर में चर्चा हुई।
वर्तमान में वे शिवपुरी जिले के करैरा में एसडीओपी के रूप में पदस्थ थे। अब उन्हें जबलपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तबादला सूची में ग्वालियर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल की भी जबलपुर में पदस्थापना की गई है।
राज्य स्तर पर जारी तबादला आदेश में कई अन्य आईपीएस अधिकारियों के भी स्थानांतरण किए गए हैं। इनमें गौरव पांडे, मिनी शुक्ला, राज कृष्ण, सुजावल जगा और ओमप्रकाश सहित अन्य अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आयुष जाखड़ वर्ष 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और उन्हें सख्त एवं निष्पक्ष पुलिसिंग के लिए जाना जाता है। जबलपुर में उनकी नियुक्ति से कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद जताई जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

