लखनऊ 8 जून (आरएनएस ) थाना माल क्षेत्र के आजाद नगर में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की चाकू से वार कर हत्या कर दिए जाने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना माल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।प्रारंभिक जांच में पता चला कि आजाद नगर निवासी लगभग 55 वर्षीय जितेन्द्र प्रताप सिंह पुत्र चन्द्रभान सिंह ने अपनी पत्नी मोनिका सिंह (उम्र लगभग 47 वर्ष) पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद मृतका का शव घर के एक कमरे से बरामद किया गया।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू कर दी। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि मामले की हर पहलू से जांच की जा सके।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया। हिरासत में लेने के बाद उसे चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसके द्वारा विषाक्त पदार्थ सेवन की आशंका जताई। इसी कारण आरोपी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।मृतका के बड़े पुत्र अंशुमान सिंह द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना माल में मु0अ0सं0 127/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं—पारिवारिक विवाद, मानसिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों—की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।स्थानीय पुलिस टीम द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

