राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बप्पा की शानदार सफलता
सिरसा 9 जून (आरएनएस)। राज्य स्तरीय एनएसएस शिविर में जिला सिरसा की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस शिविर में जिले के विभिन्न विद्यालयो चौटाला , नेजाडेला कलां, बड़ागुढ़ा, कालुआना और ऐलनाबाद आदि से लगभग 25 विद्यार्थियों ने भाग लिया। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बप्पा की टीम ने विशेष उपलब्धि हासिल करते हुए जिले का नाम रोशन किया। विद्यालय की कुल 9 छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिनमें प्रमुख उपलब्धियाँ इस प्रकार रहीं— सिंगिंग प्रतियोगिता में सुखप्रीत कौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, भाषण प्रतियोगिता में स्नेह (शीनम ) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया तथा कविता पाठ प्रतियोगिता में जसप्रीत कौर ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय व जिले का गौरव बढ़ाया। इस 7 दिवसीय शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेते हुए अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व कौशल का विकास किया तथा एनएसएस के उद्देश्यों को पूर्ण करने हेतु दिन-रात सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री नरेश कुमार ग्रोवर, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिशुपाल एवं मैडम सुनीता रानी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और पूरे शिविर को सफल बनाने में मार्गदर्शन दिया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुभाष फूटेला ने विजेता विद्यार्थियों एवं टीम को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के मुखिया श्री मनीष मेहता ने भी टीम को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और विद्यार्थियों ने अनुशासन एवं मेहनत से अपनी पहचान बनाई है। जिला समन्वयक श्री नरेश कुमार ग्रोवर ने पूरे कार्यक्रम में विद्यार्थियों को निरंतर प्रेरित करते हुए उनके आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई, जिससे यह शिविर अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

