घर में फंदे से लटका मिला शव, पड़ोसी करता था छेड़छाड़
प्रयागराज 9 जून (आरएनएस)। मेजा थाना क्षेत्र 12वीं की छात्रा ने सुसाइड कर लिया। उसका शव घर के अंदर एक कमरे में फंदे से लटका मिला। घरवालों के अनुसार, पड़ोसी युवक छात्रा को परेशान कर रहा था। वह उसके साथ छेड़छाड़ करता था। सोमवार को भी आरोपी ने छात्रा का रास्ता रोका था। धमकी दी थी कि अगर किसी को कुछ बताया तो बदनाम कर दूंगा। इससे दुखी होकर छात्रा ने मंगलवार सुबह सुसाइड कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेजा के एक गांव निवासी युवक किसान है। उसकी बेटी 12वीं कक्षा की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार पड़ोस में रहने वाला सचिन पटेल काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। सोमवार शाम करीब 7 बजे बेटी शौच के लिए घर से बाहर गई थी। रास्ते में आरोपी ने उसे रोक लिया। उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। उसने छात्रा को बदनाम करने की धमकी दी। इस कारण से बेटी डिप्रेशन में चली गई। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे छात्रा ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हो गए। छात्रा के पिता ने मेजा थाने में आरोपी सचिन पटेल के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच-पड़ताल की।
एसीपी मेजा संत प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

