लखनऊ/उन्नाव 9 जून (आरएनएस )। आज 09 जून 2026 को सुबह करीब 08:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में विकल्प अस्पताल में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ साधना पुत्री राम विशुन (उम्र लगभग 26 वर्ष), निवासी पनापुर कलां लगलेसरा, जनपद उन्नाव की मौत हो गई। हादसा जॉगर्स चौराहे पर उस समय हुआ जब वह अपनी शिफ्ट समाप्त कर पैदल घर लौट रही थीं।जानकारी के अनुसार, साधना सड़क पार कर रही थीं तभी मौरंग से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली संख्या यूपी32एलपी1910 ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रॉली अनियंत्रित होकर उनके ऊपर पलट गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना में उनके सिर एवं पैरों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बुरी तरह फंस गईं।स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल ट्रॉली के नीचे से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में उपचार के लिए विकल्प अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया है। मृतका के सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की भूमिका एवं घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

