लखनऊ 9 जून (आरएनएस)। ज्येष्ठ माह के छठवें बड़े मंगल के पावन अवसर पर राजधानी लखनऊ में विभिन्न स्थानों पर सुंदरकांड पाठ और भंडारों का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, पूर्व मंत्री ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना की।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय सबसे पहले प्रात: रोटरी नंबर 14, जान्हवी एन्क्लेव चौराहा, अवध विहार योजना में आयोजित सुंदरकांड पाठ एवं भंडारे में पहुंचे। यह आयोजन कांग्रेस के विचार विभाग के उपाध्यक्ष सुरेंद्र यादव तथा अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर अनामिका यादव द्वारा किया गया था। यहां उन्होंने सुंदरकांड पाठ में भाग लिया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।इसके बाद अजय राय हजरतगंज स्थित उत्तर प्रदेश प्रेस क्लब पहुंचे, जहां वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर सिंह द्वारा आयोजित भंडारे में उन्होंने सहभागिता की। यहां भी उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।इसके उपरांत वे रजमन बाजार कैंट क्षेत्र स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल, नेहरू रोड पहुंचे, जहां बद्री विशाल तिवारी एवं संजीव पांडेय एडवोकेट द्वारा आयोजित भंडारे में शामिल हुए। यहां भी उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल पर हनुमान जी की पूजा-अर्चना और भंडारों की परंपरा लखनऊ की एक प्राचीन और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग और सेवा भावना को भी बढ़ावा देते हैं।उन्होंने आगे कहा कि भंडारे जैसे आयोजन लोगों के बीच अपनापन बढ़ाते हैं और सेवा के माध्यम से पुण्य अर्जित करने का अवसर प्रदान करते हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

