लखनऊ 9 जून (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की आर्थिक और प्रशासनिक नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक अव्यवस्था ने आम जनता का जीवन प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि डीजल और अन्य ईंधनों की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित है।उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को खाद, विशेषकर यूरिया की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है और सरकार के पास इस समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान और आम वर्ग सभी परेशान हैं, जबकि सरकार विकास के नाम पर केवल दिखावा कर रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है तथा विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट का सही उपयोग नहीं हो रहा है और भ्रष्टाचार चरम पर है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में सभी को एकजुट होकर काम करना होगा, जैसे लोकसभा चुनाव में सफलता मिली थी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए भाजपा सरकार को हटाना आवश्यक है।सपा प्रमुख ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है और 2027 में भाजपा सरकार का अंत निश्चित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पीडीए वर्ग से डरी हुई है और समाज को बांटने की राजनीति कर रही है।अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों को गन्ने का भुगतान 24 घंटे के भीतर किया जाएगा तथा महिलाओं और छात्राओं के लिए केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने अपने कार्यकाल में एक्सप्रेस-वे, सड़क नेटवर्क और ग्रामीण कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया था, जिसे वर्तमान सरकार ने कमजोर किया है।इस अवसर पर सांसद हरेन्द्र मलिक, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक मनोज पारस, समर पाल सिंह, पंकज मलिक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

