लखनऊ/झाँसी, । क्षेत्रीय पुरातत्त्व इकाई, झाँसी कार्यालय के 39वें स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर राजकीय संग्रहालय, झाँसी के सभागार में दीप प्रज्वलन के साथ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बुंदेलखंड की ऐतिहासिक धरोहर, पुरातात्विक महत्व एवं उनके संरक्षण के प्रयासों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।कार्यक्रम में डॉ. राजीव कुमार त्रिवेदी, प्रभारी क्षेत्रीय पुरातत्त्व अधिकारी, झाँसी ने इकाई की उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि पं. रवि शर्मा, विधायक झाँसी सदर ने अपने संबोधन में बुंदेलखंड की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत और किलों के संरक्षण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र किलों और ऐतिहासिक धरोहरों की भूमि है तथा मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप यहां के किलों एवं विरासत स्थलों का विकास राजस्थान की तर्ज पर किया जाना चाहिए।विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम ने जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्राचीन धरोहरों के संरक्षण में सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिद्धेश्वर सिद्धपीठ आश्रम झाँसी के सदगुरु आचार्य पं. हरि ओम पाठक ने की। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं संग्रहालय के विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया।पूर्व प्रभारी अधिकारी डॉ. एस.के. दुबे ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से पिछले 39 वर्षों में क्षेत्रीय पुरातत्त्व इकाई झाँसी द्वारा किए गए अनुसंधान और खोज कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बुंदेलखंड के प्रसिद्ध जादूगर कलाकार श्याम जादूगर तथा बांसुरी वादक उस्ताद लतीफ अहमद ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।इसके साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। जूनियर वर्ग में भानू पांडेय ने प्रथम, राधिका श्रीवास्तव ने द्वितीय तथा नीलिका श्रीवास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में सुमित सोनी प्रथम, वृजेन्द द्वितीय तथा पलक सोनी तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में पुरातत्त्व क्षेत्र में योगदान देने वाले सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में बुंदेलखंड की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प दोहराया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

